Homeबोकारोअमेरिका ने 205 अवैध भारतीय प्रवासियों को भारत भेजा

अमेरिका ने 205 अवैध भारतीय प्रवासियों को भारत भेजा

अमेरिका ने 205 अवैध भारतीय प्रवासियों को भारत भेजा

ट्रंप प्रशासन की सख्ती से हजारों भारतीयों पर असर, अमेरिका में 7.25 लाख अवैध भारतीयों का अनुमान
अनंत/डेस्क
अमेरिकी आव्रजन कानूनों के कड़े क्रियान्वयन के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को देश से निकालने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 से 205 भारतीयों को भारत भेजा गया है। यह विमान बुधवार को अमृतसर पहुंचने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, पेंटागन ने अमेरिका के टेक्सास (अल-पासो) और कैलिफोर्निया (सैन डिएगो) में हिरासत में लिए गए 5,000 से अधिक प्रवासियों को उनके देशों में वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एक सी-17 विमान ने अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर उड़ान भरी है, जो 24 घंटे के भीतर भारत पहुंचेगा। हालांकि, अधिकारी ने इसमें सवार भारतीयों की सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है।
इधर, दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी पुष्टि की है कि अमेरिकी सैन्य विमान कुछ अवैध प्रवासियों को भारत ला रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत अब तक का सबसे दूर का गंतव्य है, जहां से निर्वासन अभियान संचालित किया जा रहा है।
इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने अब तक 538 अवैध आप्रवासी अपराधियों को सैन्य विमानों से निर्वासित किया है। उन्होंने कहा, “यह इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान है। यह उन लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है जो अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की सोच रहे हैं – उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।” ट्रंप ने अपने चुनावी अभियान में आव्रजन नीति को सख्त बनाने का वादा किया था, जिसे वे अब लागू कर रहे हैं।
7.25 लाख अवैध भारतीयों में 18,000 की पहचान
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के अनुसार, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से अब तक 1,700 भारतीय प्रवासियों को हिरासत में लिया जा चुका है। अनुमान है कि अमेरिका में 7.25 लाख अवैध भारतीय प्रवासी रह रहे हैं। ट्रंप प्रशासन ने 15 लाख अवैध प्रवासियों की सूची तैयार की है, जिनमें से अब तक 18,000 भारतीयों की पहचान हो चुकी है। इन सभी को जल्द ही उनके देश वापस भेजे जाने की योजना है।
इस घटनाक्रम से साफ है कि ट्रंप प्रशासन की कड़ी आव्रजन नीतियों के चलते हजारों भारतीय प्रवासियों को अमेरिका छोड़ना पड़ सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!