एक साल बाद गोमिया की जनता के बीच पहुंचे सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, लगाया जनता दरबार
गोमिया
लोकसभा चुनाव जीतने के एक साल बाद सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने गोमिया में जनता दरबार के माध्यम से सीधे जनता से संवाद स्थापित किया। मंगलवार को गोमिया के गायत्री लॉज में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं।
जनता दरबार में मुख्य रूप से गोमियाडीह में जल संकट, क्षेत्र में अनियमित बिजली आपूर्ति, जमीन विवाद, रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में देरी, ओएनजीसी सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं की उपेक्षा जैसे मुद्दे सामने आए।
सांसद ने मौके पर कई समस्याओं का समाधान कराया, जबकि बाकी मामलों को लेकर संबंधित विभागों को 15 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर तय समय सीमा में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
सांसद चौधरी ने यह भी घोषणा की कि गोमिया में अब हर महीने नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संस्थानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में अधिकारियों से बात की जाएगी।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य व भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज, जिप सदस्य धनेश्वर महतो, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित यादव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष गंदौरी राम, दीपक ठाकुर, अमन वर्मा, दुलाल प्रसाद, चंदन पासवान, विजय महतो, रविन्द्र प्रसाद, किशोर साव, बसंत जायसवाल, बिनोद अग्रवाल, शंभू लाल समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।