Homeरांचीएल खियांग्ते बने झारखंड लोक सेवा आयोग के नये अध्यक्ष, जानें उनकी...

एल खियांग्ते बने झारखंड लोक सेवा आयोग के नये अध्यक्ष, जानें उनकी योग्यता और प्रशासनिक अनुभव

एल खियांग्ते बने झारखंड लोक सेवा आयोग के नये अध्यक्ष, जानें उनकी योग्यता और प्रशासनिक अनुभव

डेस्क/सुरेन्द्र

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है। मिजोरम के रहने वाले और 1988 बैच के आईएएस अधिकारी एल खियांग्ते को झारखंड लोक सेवा आयोग का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के इस प्रस्ताव को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंजूरी दे दी। पिछले छह महीनों से यह पद खाली था, जिससे कई नियुक्तियां रुकी हुई थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों में नाराजगी थी।

एल खियांग्ते का शैक्षणिक और प्रशासनिक सफर

एल खियांग्ते ने इतिहास विषय में ग्रेजुएशन किया है। 1987 में उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा पास की और 1988 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के झारखंड कैडर में शामिल हुए।

वे झारखंड के मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) के महानिदेशक के रूप में भी सेवाएं दी हैं।

छह महीने से खाली था पद, अभ्यर्थी कर रहे थे आंदोलन

जेपीएससी अध्यक्ष का पद पिछले छह महीनों से खाली था, जिससे झारखंड में कई सरकारी भर्तियां और नियुक्तियां अटकी हुई थीं। इससे प्रतियोगी परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में रोष था, और वे लगातार नियुक्ति प्रक्रिया को शुरू करने की मांग कर रहे थे।

एल खियांग्ते के जेपीएससी अध्यक्ष बनने से अब भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है। उनके अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है, जिससे झारखंड लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली को नया नेतृत्व और दिशा मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!