कथारा में बनने वाला ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का मंत्री ने किया निरीक्षण, टीकाहारा में पंचायत भवन का उद्घाटन और महुआटांड में रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ
गोमिया/डेस्क
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शनिवार को गोमिया प्रखंड में एक के बाद एक तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और विकास व सांस्कृतिक गतिविधियों को बल दिया।
कथारा में ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का होगा निर्माण
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कथारा स्थित बिजली विभाग की जमीन पर बनने वाले ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (TRW) के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें ड्राइंग और डिजाइन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि TRW के निर्माण से गोमिया, पेटरवार, कसमार, बेरमो और नावाडीह प्रखंड के लोगों को ट्रांसफॉर्मर मरम्मत की सुविधा नजदीक ही मिल सकेगी, जिससे समय और दूरी की बचत होगी। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एक वर्ष के अंदर वर्कशॉप चालू हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बेरमो एसडीओ मुकेश कुमार, बिजली विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिन्हा, अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह, कार्यपालक अभियंता प्रभाकर कुमार, गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, असलम, नरेश मंडल, गणेश यादव समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

टीकाहारा पंचायत भवन का उद्घाटन व सरना स्थल का शिलान्यास
इसके पहले मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने टीकाहारा पंचायत भवन का उद्घाटन फीता काटकर किया और वहां उपस्थित ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने सरना स्थल की चहारदीवारी निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर सुविधाओं को सुदृढ़ करने हेतु लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर गोमिया बीडीओ महादेव महतो ने पंचायत सहायकों को नियमित रूप से कार्यालय में योगदान देने और विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर झामुमो के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

महुआटांड में रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ
सबसे पहले कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गोमिया प्रखंड के महुआटांड स्थित नव निर्मित शिव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय श्री-श्री 108 श्री शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ किया। भव्य कलश यात्रा में 251 कन्याओं व महिलाओं ने भाग लिया और रजरप्पा दामोदर नदी से जल भरकर यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया।
मंत्री ने यज्ञ स्थल पर मत्था टेकते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और अपने संबोधन में कहा कि “यज्ञ जीवनदर्शन है, जो चेतना को उच्चतम स्तर तक ले जाता है।”
यह धार्मिक आयोजन 19 से 25 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें वैदिक पूजा, मूर्ति नगर भ्रमण, प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति और रात्रि भजन संध्या का आयोजन होगा। आयोजन समिति में अध्यक्ष पारसनाथ महतो, सचिव मुकेश महतो समेत अनेक ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इन तीनों कार्यक्रमों में मंत्री योगेंद्र प्रसाद की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में विकास, संस्कृति और आस्था को बल मिला है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने परंपरागत रूप से उनका भव्य स्वागत किया और योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की उम्मीद जताई।
