किसानों को 50 फीसदी अनुदानित बीज पर श्री विधि से खेती के लिए प्रेरित कर रहा कृषि विभाग
गोमिया
गोमिया प्रखंड के होसिर पश्चिमी पैक्स में किसानों के लिए खुशखबरी है। यहां अरहर का 5 क्विंटल बीज (प्रभेद IPA-203) और धान का 100 क्विंटल बीज (प्रभेद IR64DRT-1) 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इच्छुक किसान आधार कार्ड, जमीन की रसीद, एक रंगीन फोटो, मुखिया से सत्यापित वंशावली एवं मोबाइल नंबर के साथ संबंधित पैक्स में जाकर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उक्त जानकारी उप परियोजना निदेशक बबलू सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा कृषि विभाग द्वारा मक्का, मड़ुआ और अरहर का बीज वितरण भी प्रखंड तकनीकी सूचना केंद्र, गोमिया में किया जा रहा है।
श्री विधि से करें धान की खेती, बढ़ेगी पैदावार
कृषि विभाग किसानों को आधुनिक खेती के तौर-तरीके अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। विभाग ने बताया कि जो किसान हाइब्रिड धान ले रहे हैं, वे श्री विधि से धान की खेती करें। इस विधि के अनुसार प्रति एकड़ 2 किलोग्राम बीज की आवश्यकता होती है। 8 से 10 दिन पुराना बिचड़ा लगाना होता है। पौधे से पौधे और पंक्ति से पंक्ति की दूरी 10 इंच रखनी होती है। इससे पैदावार में 1.5 से 2 गुना तक वृद्धि होती है।
रोपा अभियान 3 से 20 जुलाई तक
बोकारो के उपायुक्त ने कृषि विभाग को निर्देश दिया है कि 3 जुलाई से 20 जुलाई तक प्रखंड स्तर पर ‘रोपा अभियान’ चलाया जाए और किसानों को श्री विधि से खेती के लिए प्रेरित किया जाए। उपायुक्त ने इस अभियान के लिए स्लोगन भी जारी किया है। हर खेत में हो धान की रोपनी, कोई खेत नहीं रहे खाली”