केबी कॉलेज में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, 100 से अधिक लोगों ने कराया जांच
कथारा
बेरमो प्रखंड के जारंगडीह स्थित केबी कॉलेज में सोमवार को 35वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमिया की चिकित्सक डॉ. हसीना बानो, प्रो. इंचार्ज गोपाल प्रजापति, डॉ. अरुण कुमार रॉय महतो और डॉ. प्रभाकर कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में 100 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई। इस अवसर पर प्राचार्य लक्ष्मी नारायण ने कहा कि आंखों का स्वास्थ्य हमारे समग्र कल्याण का अभिन्न हिस्सा है और नियमित जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने ऐसे शिविरों की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेत्र जांच प्रभारी डॉ. हसीना बानो ने लोगों को आंखों की देखभाल और सुरक्षा के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि पौष्टिक आहार का सेवन आंखों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को साल में एक बार नियमित नेत्र जांच अवश्य करानी चाहिए।
शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजकों के प्रयास की सराहना की। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा।
