कोनार नदी के तट पर निर्माणाधीन इंटेक वेल में भारी अनियमितता, मंत्री से शिकायत
गोमिय/डेस्क
गोमिया प्रखंड के पलिहारी, गुरुडीह और गोमिया पंचायतों में ग्रामीणों को सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति के लिए कोनार नदी के तट पर लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से इंटेक वेल का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन जब पंचायत प्रतिनिधि और झामुमो के नेताओं द्वारा स्थल का निरीक्षण किया तो भारी अनियमितताएं उजागर हुई हैं। बता दें कि झामुमो नेता अमित पासवान के नेतृत्व में खम्हरा पंचायत के मुखिया बंटी उरांव, गोमिया पंचायत के मुखिया बलराम रजक, वार्ड सदस्य यासमीन परवीन, राजू शाही, मंजूर इलाही, मो. असलम, नसीम अंसारी और समाजसेवी राजेश भारती ने शुक्रवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
गंभीर अनियमितताओं का आरोप
निरीक्षण के दौरान इंटेक वेल के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और प्राक्कलन के अनुरूप काम न होने की शिकायत सामने आई। उन्होंने बताया कि सबसे निम्न गुणवत्ता की ईंटें इस्तेमाल की जा रही हैं, जिससे भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
झामुमो नेता अमित पासवान ने क्या कहा?
झामुमो नेता अमित पासवान ने कहा कि ग्रामीण वर्षों से पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं। गोमिया विधायक सह मंत्री योगेंद्र प्रसाद इस समस्या को हल करने के प्रयास में हैं, और जल्द ही कोनार नदी से पानी की आपूर्ति शुरू करने के लिए प्रयासरत हैं। लेकिन संवेदक द्वारा निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद को निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं की जानकारी दी जाएगी।
