कोलकाता में कोल् इंडिया प्रबंधन के साथ इनमौसा की बैठक में कई निर्णय हुए
बेरमो
कोलकाता में कोल इंडिया मुख्यालय में इनमोसा और कोल इंडिया प्रबंधन के बीच एक महत्वपूर्ण वार्ता का आयोजन किया गया. इस बैठक में कोल इंडिया के निदेशक (कार्मिक) विनय रंजन, महा प्रबंधक (कार्मिक और औद्योगिक संबंध) गौतम बनर्जी, और इनमोसा की ओर से राष्ट्रीय महामंत्री पीएम मिश्रा, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, ईसीएल के अध्यक्ष समीर चक्रवर्ती, बीसीसीएल के उप महामंत्री कुश कुमार सिंह, हेमंत कुमार आदि उपस्थित थे.
बैठक में मुख्य रूप से माइनिंग स्टाफ के करियर ग्रोथ और इससे संबंधित आर. एन. मिश्रा कमेटी की अनुशंसा को लागू करने और इसकी समीक्षा के लिए एक कमेटी बनाने पर चर्चा हुई. प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि इस एजेंडा को उच्च स्तरीय बैठक में शामिल किया जाएगा और इसकी समीक्षा की जाएगी.
इसके अलावा, पावर बजट में प्रावधान की कमी के कारण कई माइनिंग स्टाफ पिछले 8-10 वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं. बैठक में इस मुद्दे की समीक्षा करने और 5 वर्षों या इससे अधिक समय तक एक ही पद पर कार्यरत कर्मचारियों को एकमुश्त प्रमोशन देने की मांग की गई. प्रबंधन ने फरवरी 2025 तक प्रमोशन देने का आश्वासन दिया और कहा कि यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी.
गैर अधिकारी से अधिकारी पद में प्रमोशन की संख्या बढ़ाने, रिस्ट्रिक्टेड सर्टिफिकेट होल्डर्स के लिए प्रमोशन का प्रस्ताव रखने, और माइनिंग सरदार एवं ओवरमैन पदनाम को बदलने की मांग पर भी विचार हुआ. प्रबंधन ने इन मुद्दों पर उच्च स्तरीय बैठक में चर्चा और डीजीएमएस से सलाह लेने के बाद पहल करने का आश्वासन दिया.
इसके साथ ही, वर्तमान कैडर स्कीम में अनियमितताओं को दूर करने और इसे संशोधित करने पर भी काम हो रहा है. स्किल डेवलपमेंट के लिए कोल इंडिया स्तर पर ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित करने और हर तीन महीने पर इनमोसा के साथ समीक्षा बैठक करने पर भी सहमति बनी.
