खबर का असर: अवैध चिमनी ईंट भट्टों पर खनन विभाग की कार्रवाई शुरू
अनंत/डेस्क
बोकारो उपायुक्त विजया जाधव के निर्देशानुसार जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) रवि कुमार सिंह के मार्गदर्शन में शनिवार को खनन विभाग की टीम ने बेरमो अनुमंडल के जागेश्वर विहार और राहावन ओपी क्षेत्र में चल रहे अवैध चिमनी ईंट भट्टों का निरीक्षण किया।

गौरतलब है कि झारखंड न्यूज लाइव ने इस मुद्दे को उजागर करते हुए अवैध कोयले से संचालित चिमनी ईंट भट्टों की खबर प्रकाशित की थी। खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताएँ
खनन विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट निर्माण के लिए बनाई गई कई चिमनियों का पता लगाया। इन चिमनियों का संचालन में अनियमितता की जानकारी मिली है। चिमनी भट्ठा के संचालन में न केवल सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
सख्त कार्रवाई की तैयारी
खनन विभाग की टीम ने इन अवैध ईंट भट्टों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर खान निरीक्षक सीताराम टुडू और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि अवैध खनन और कोयले के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने किया प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध भट्ठा संचालकों में हड़कंप मच गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगेगी।
