खुंटा, नावाडीह में एप्रोच पथ को लेकर विवाद, रात को ही पहुंचे डीसी-एसपी
नावाडीह/डेस्क
नावाडीह प्रखंड अंतर्गत खुंटा मौजा में सोमवार देर रात एप्रोच पथ को लेकर ग्रामीणों एवं एक पक्ष के बीच हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही बोकारो डीसी विजया जाधव एवं एसपी मनोज स्वर्गियारी देर रात स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
विवादित भूमि मात्र 02 डेसिमल की है, लेकिन इसे लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ बेरमो मुकेश मछुआ, एसडीपीओ वी एन सिंह, बीडीओ, सीओ तथा आस-पास के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया।
स्थानीय पंचायत समिति के सदस्यों, मुखिया आदि ने समझदारी से हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला। प्रशासन की तत्परता से विवाद को शांत किया गया। पुलिस ने एक पक्ष के व्यक्ति को हिरासत में लिया है, वहीं उसके परिवार को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
डीसी-एसपी ने दोनों पक्षों से विस्तारपूर्वक बातचीत कर विवादित भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच की और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह विवाद किसी धार्मिक कार्यक्रम विशेष, जैसे रामनवमी पर्व से संबंधित नहीं है और झंडा उखाड़ने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है। मौके पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
डीसी एवं एसपी ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन की ओर से यह भी बताया गया है कि पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।