Homeबोकारोगोमिया अंचल कार्यालय में लगा जनता दरबार, ऑन स्पॉट निपटे तीन भूमि...

गोमिया अंचल कार्यालय में लगा जनता दरबार, ऑन स्पॉट निपटे तीन भूमि विवाद

गोमिया अंचल कार्यालय में लगा जनता दरबार, ऑन स्पॉट निपटे तीन भूमि विवाद
गोमिया
बोकारो उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर गोमिया अंचल कार्यालय में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान अंचल अधिकारी आफताब आलम ने बताया कि कुल 20 लोग अपनी जमीन से संबंधित समस्याएं लेकर दरबार में पहुंचे। इनमें से तीन मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। विशेष रूप से भूमि सत्यापन और पारिवारिक सदस्यता से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन हुआ।
जनता दरबार में अधिकांश शिकायतें ऑनलाइन जमाबंदी पंजी में सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत, दाखिल-खारिज और भू-मापन से संबंधित रहीं। मौके पर अंचल कार्यालय के विजय कुमार, कर्मचारी अनूप तुरी और आनंद भारती भी उपस्थित रहे।
दरअसल, जिला स्तर पर आयोजित जनता दरबार में भूमि राजस्व से संबंधित बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही थीं। उपायुक्त ने पाया कि अंचल कार्यालयों में आमजनों की शिकायतों की नियमित सुनवाई नहीं हो रही, जिससे शिकायतों का बोझ जिला कार्यालय तक पहुंच रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने प्रत्येक सोमवार को अंचल कार्यालय में अनिवार्य रूप से जनता दरबार आयोजित करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्राप्त सभी शिकायतों को शिकायत पंजी में दर्ज करते हुए उनका साप्ताहिक प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। उपायुक्त ने यह निर्णय भू-राजस्व से जुड़ी समस्याओं के समाधान को अंचल स्तर पर ही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!