गोमिया के लाल डॉ गौतम बने टाटा कैंसर केयर फाउंडेशन के निदेशक
गोमिया
गोमिया प्रखंड के होसिर गांव निवासी और क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ गौतम के शरण को रांची कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें टाटा कैंसर केयर फाउंडेशन के निदेशक एवं वरिष्ठ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट के पद पर नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त कैंसर विशेषज्ञ की जन्मभूमि गोमिया का होसिर गांव है। उनके पिता स्वर्गीय ब्रजेश नारायण शरण मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी प्रारंभिक एवं प्रशासनिक शिक्षा नेतरहाट विद्यालय, रांची से हुई। इसके बाद उन्होंने राजेंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आरएमसीएच), रांची से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। उच्च चिकित्सीय शिक्षा उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से रेडिएशन (कैंसर) चिकित्सा के क्षेत्र में प्राप्त की।
अपने चिकित्सीय करियर में उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित कैंसर संस्थानों में सेवाएं दी हैं। इनमें मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद अस्पताल दिल्ली, राजीव गांधी ट्रस्ट कैंसर अस्पताल, दिल्ली, आर्टेमिस अस्पताल, गुरुग्राम, इनलैक्स एवं बुद्धरानी अस्पताल, पुणे, जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल, भोपाल, तथा टाटा मेमोरियल सेंटर, मुजफ्फरपुर शामिल हैं। वर्तमान में वे रांची कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में अपना योगदान दे रहे हैं।
उनकी इस उपलब्धि से पूरा गोमिया क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। एक सक्षम कैंसर विशेषज्ञ और मृदुभाषी चिकित्सक के रूप में उनकी पहचान है। नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्हें बधाई देने वालों में पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, जिप सदस्य आकाश लाल सिंह, होसिर यूथ सेंटर के पूर्व अध्यक्ष अजीत सहाय, वर्तमान अध्यक्ष सनत प्रसाद एवं रविशंकर प्रसाद, अमित नंदन, उत्तम सहाय, अंजनी सहाय, दीपक कुमार, शिल्पा, कुशाग्र, अतुल्या, प्रकृति, प्रकाश, विपिन बिहारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हैं।
