गोमिया के समाजसेवी व लोहिया सोशलिस्ट पार्टी नेता मृणाल कांति देव का निधन
गोमिया:
गोमिया प्रखंड के साड़म बंगाली टोला निवासी समाजसेवी एवं लोहिया सोशलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता मृणाल कांति देव का रविवार सुबह निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। वे अविवाहित थे और पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को ही दामोदर नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और शुभचिंतक मौजूद रहे। नम आंखों से लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मृणाल कांति देव सिंचाई विभाग में कार्यरत रहे थे। वे गोमिया विधानसभा क्षेत्र से कई बार चुनाव लड़ चुके थे। हालांकि उन्हें चुनावी सफलता नहीं मिल सकी, लेकिन सामाजिक कार्यों, जनसमस्याओं को मुखरता से उठाने और आम लोगों के बीच सक्रिय रहने के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी। वे लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे।
उनके निधन पर मंत्री योगेन्द्र प्रसाद, पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, जिला परिषद सदस्य आकाश लाल सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रकाश लाल सिंह, भाकपा नेता इफ्तिखार महमूद, देवनारायण प्रजापति तथा समाजसेवी शेखर प्रजापति और अरुण दे सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
