गोमिया के सवांग महावीर स्थान निवासी समाजसेवी मोइन खान का निधन
गोमिया
गोमिया प्रखंड के सवांग महावीर स्थान निवासी समाजसेवी और लोकल सेल के सक्रिय सदस्य मोइन खान (65) का गुरुवार की सुबह निधन हो गया। वे शुरू से ही सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे और पद की कोई लालसा नहीं रखते थे। अपने कौम के साथ-साथ अन्य समाज में भी वे सामाजिक कार्यों के लिए लोकप्रिय थे।
मोइन खान हिन्दू-मुस्लिम एकता के पैरोकार थे और हमेशा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में योगदान देते रहे। सवांग में लोकल सेल के आंदोलन में उनका सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने सहारा इंडिया और एलआईसी में बीमा एजेंट के रूप में भी कार्य किया। अपने सुरीले गीतों और शायरी से वे हर महफ़िल को खुशनुमा बना देते थे।
वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें पांच बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। उनके एक बेटे मौलाना हैं, गुलाम दस्तगीर जो सैय्यद एहराज फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग उनके आवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय, मुखिया विनोद विश्वकर्मा, बोकारो थर्मल के मुखिया बबलू सिंह, सवांग के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष अभय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।