Homeबोकारोगोमिया: मंगरो में विवादित स्थल का एसडीओ और डीएसपी ने लिया जायजा

गोमिया: मंगरो में विवादित स्थल का एसडीओ और डीएसपी ने लिया जायजा

गोमिया: मंगरो में विवादित स्थल का एसडीओ और डीएसपी ने लिया जायजा
गोमिया
चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरो गांव में मुहर्रम पर्व को लेकर दो पक्षों के बीच उपजे विवाद के मद्देनज़र शुक्रवार को प्रशासन हरकत में आया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह एवं अंचलाधिकारी आफताब आलम ने गांव पहुंचकर विवादित स्थल का जायजा लिया और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।


सूत्रों के अनुसार, मंगरो गांव में एक लंबे समय से मुहर्रम पर झंडा गाड़ने की परंपरा चली आ रही है, लेकिन इस बार झंडा गाड़ने के स्थान को लेकर विवाद हो गया। एक पक्ष का कहना है कि उक्त स्थल रैयती जमीन है, जबकि दूसरा पक्ष दावा कर रहा है कि वर्षों से उसी स्थान पर मुहर्रम मनाया जा रहा है और आगे भी वहीं मनाया जाएगा। इसी विवाद को लेकर गुरुवार को दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो मारपीट तक पहुंच गई। घटना में तीन-चार महिलाओं को हल्की चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही चतरोचट्टी थाना प्रभारी दीपक राणा दल-बल के साथ गांव पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की निगरानी में गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
एसडीओ मुकेश मछुआ ने मौके पर कहा कि मुहर्रम का त्योहार आपसी सौहार्द्र और शांति के साथ मनाया जाए। जमीन विवाद का समाधान पर्व के बाद आपसी सहमति और क़ानूनी प्रक्रिया से किया जाएगा। उन्होंने दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
वहीं डीएसपी वशिष्ठ नारायण सिंह ने चतरोचट्टी थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि पहले से दर्ज मामलों को देखते हुए गांव में सतर्कता बरती जाए और कोई भी नया विवाद न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मुहर्रम उसी स्थान पर मनाया जाए जहां पूर्व से मनाया जाता रहा है, ताकि शांति बनी रहे। पुलिस टीम लगातार गांव में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!