गोमिया में तंबाकू युक्त पान मसाला बिक्री पर छापेमारी, कई दुकानों पर जुर्माना
गोमिया/डेस्क
गोमिया स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को गोमिया क्षेत्र में तंबाकू एवं निकोटिन युक्त पान मसाला की बिक्री के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान गोमिया मोड़, स्वांग वनबी, हजारी मोड़ सहित कई दुकानों की जांच की गई.
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित तंबाकू एवं निकोटिन युक्त पान मसाला पाए जाने पर दुकानदारों से कुल 600 रुपए का चालान काटा गया. साथ ही उन्हें भविष्य में इस तरह की सामग्री न बेचने की सख्त हिदायत दी गई.
गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लेखा प्रबंधक गौतम कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने तंबाकू एवं निकोटिन युक्त पान मसाला की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन कुछ दुकानदार चोरी-छिपे इसकी बिक्री कर रहे थे. पकड़े गए दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है.
इस छापेमारी अभियान में गोमिया थाना के अवर निरीक्षक मनोज कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
