गोमिया में महिला जनप्रतिनिधियों के लिए “सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान” के तहत प्रशिक्षण संपन्न
गोमिया
गोमिया प्रखंड कार्यालय सभागार में “सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान” के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो ने प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी महिला जनप्रतिनिधियों (वार्ड सदस्यों) को प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों को पंचायत से संबंधित विभिन्न विषयों जैसे ग्राम सभा की भूमिका, पंचायत के हितधारक, कार्य, कोष एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी की जानकारी देना था। साथ ही महिलाओं में नेतृत्व कौशल का विकास कर ‘प्रॉक्सी प्रतिनिधित्व’ यानी महिला प्रतिनिधि की जगह उनके पति या परिवार के पुरुष सदस्यों की भागीदारी को समाप्त करना है।
मौके पर बीडीओ महादेव कुमार महतो ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और राजनीतिक भागीदारी के अवसर प्रदान कर ही समाज की मुख्यधारा में लाया जा सकता है। राज्य सरकार भी महिलाओं के समग्र विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर के रूप में बेरमो प्रखंड की गोविंदपुर डी पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा एवं जरीडीह पूर्वी की मुखिया कंचन देवी उपस्थित थीं।