Homeबोकारोगोमिया: वज्रपात की चपेट में आने से जीजा-साला की मौत, परिवार में...

गोमिया: वज्रपात की चपेट में आने से जीजा-साला की मौत, परिवार में कोहराम

गोमिया: वज्रपात की चपेट में आने से जीजा-साला की मौत, परिवार में कोहराम
गोमिया
गोमिया प्रखंड अंतर्गत कंडेर पंचायत के सिमराबेड़ा स्थित डूडू टोला में मंगलवार दोपहर वज्रपात की चपेट में आकर जीजा-साला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान पुहु राम मांझी (45 वर्ष) एवं जीतन मांझी (56 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जीतन मांझी आज ही अपने ससुराल डूडू टोला गए थे। दोपहर लगभग 1:30 बजे के करीब जब हल्की झिमझिम बारिश हो रही थी, दोनों घर के सामने एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड सदस्य मनीष हांसदा, सामाजिक कार्यकर्ता एतवा मुर्मू, देवान हांसदा, महेश मुर्मू एवं चंद्रनाथ मांझी ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक जीतन मांझी का पैतृक गांव दरहा बेड़ा, गौड़रा है जबकि पुहु राम मांझी डूडू टोला के ही निवासी थे। जीतन मांझी की पत्नी फूलो देवी और पुहु राम मांझी की पत्नी मालती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। जीतन मांझी के दो पुत्र हैं, वहीं पुहु राम मांझी की तीन बेटियां हैं। इस दर्दनाक हादसे से गांव में शोक की लहर है।

स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा देने की मांग की है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव को अपने कब्जे में रखा है। देर शाम हो जाने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!