Homeबोकारोगोमिया: सड़क हादसे में घायल आंगनबाड़ी सेविका की मौत

गोमिया: सड़क हादसे में घायल आंगनबाड़ी सेविका की मौत

गोमिया: सड़क हादसे में घायल आंगनबाड़ी सेविका की मौत

गोमिया
गोमिया प्रखंड के साड़म पश्चिमी पंचायत की रहने वाली आंगनबाड़ी सेविका आरती देवी (38) की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते रविवार को साड़म नहर पथ पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल गोमिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बुधवार की रात परिजन और ग्रामीण आरती देवी के शव को लेकर गोमिया थाना पहुंचे और दोषी बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कराने का लिखित आवेदन दिया।

मृतका के भाई कन्हैया रविदास, जो बजरंग दल के रामगढ़ जिला सुरक्षा प्रमुख हैं, ने बताया कि आरती देवी रविवार को अपने घर से साड़म बाजार आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित सामग्री खरीदने जा रही थीं। तभी रास्ते में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि मृतका अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र को छोड़ गई हैं। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इस दुखद घटना पर पंसस विष्णुलाल सिंह, विहिप के जिला मंत्री शिशु कुमार ठाकुर, जिला सह मंत्री महेश स्वर्णकार, मिथुन चंद्रवंशी, शरण राम, छोटन रविदास, राजेंद्र पासवान, रामनाथ राम, महेश रविदास, रमेश पासवान, सुगन राम, उमेश राम और योगेश्वर विश्वकर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

गोमिया थाना प्रभारी नित्यानंद भोक्ता ने बताया कि लिखित आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!