जेईई-मेन-1 में 99.34 परसेंटाइल के साथ प्रिंस राज ने बोकारो में लहराया परचम
अनंत/डेस्क
गोमिया के पिट्स मॉडर्न स्कूल के पूर्व छात्र प्रिंस राज ने जेईई-मेन-1 परीक्षा में 99.34 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर स्कूल, परिवार और पूरे बोकारो जिले का नाम रोशन किया है. प्रिंस ने सत्र 2023-24 में पिट्स मॉडर्न स्कूल से 12वीं में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त किए थे, और अब जेईई-मेन-1 में जिले में श्रेष्ठ स्थान हासिल कर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है.
विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रिंस राज ने स्कूल का नाम ऊंचा किया है, और यह सफलता उनके कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है. उन्होंने प्रिंस को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों को भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.
आईईपीएल ओरिका, गोमिया के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास और गोमिया विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दास गुप्ता ने भी प्रिंस राज को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिट्स मॉडर्न स्कूल हमेशा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है, और भविष्य में भी ऐसे ही शानदार परिणाम प्राप्त करने का प्रयास करता रहेगा.
विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्यों और शिक्षकों ने भी प्रिंस को बधाई दी और उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की. प्रिंस की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगी.
