Homeबोकारोट्रक की चपेट में आने से ठेला व्यवसायी की मौत, मामला रफा...

ट्रक की चपेट में आने से ठेला व्यवसायी की मौत, मामला रफा दफा

ट्रक की चपेट में आने से ठेला व्यवसायी की मौत, मामला रफा दफा

गोमिया
सवांग वाशरी परियोजना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय नागेन्द्र साहनी की मौत हो गई। उनका शव सवांग वाशरी के फिटर टोला के निकट मिला।
मृतक नागेन्द्र साहनी मूल रूप से हाजीपुर, वैशाली जिला अंतर्गत महुआ थाना क्षेत्र के ग्राम विसनपुर गांव के निवासी थे। वे वर्तमान में सवांग वन बी स्थित शिव मंदिर के पीछे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। शिव मंदिर के सामने ठेला लगाकर समोसा-पकौड़े की दुकान चलाकर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी की शादी तय हो गई है।
बताया जा रहा है कि नागेन्द्र साहनी गुरुवार की सुबह जलावन के लिए सवांग वाशरी क्षेत्र में कोयला लाने गए थे। इसी दौरान वे एक ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद आनन-फानन में शव को फिटर टोला के पास लाकर रख दिया गया।
सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिवार की ओर से लिखित रूप में दिया गया कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर ट्रक मालिक और प्रबंधन की ओर से मृतक के आश्रितों को दो लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। तत्काल कुछ नगद राशि भी दी गई। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को उनके पैतृक आवास हाजीपुर भेज दिया गया।
दुर्घटना के बाद थाना में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि गरीबी इंसान को घर से दूर रोजी-रोटी की तलाश में ले आती है, लेकिन ऐसे हादसों में परिवार को वह सहारा नहीं मिल पाता जिसकी अपेक्षा होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मृतक स्थानीय निवासी होते तो संभवतः व्यापक विरोध-प्रदर्शन और समुचित मुआवजा की मांग उठती। ट्रक पर मुकदमा दर्ज कराया जाता। लेकिन दो लाख रुपये का सहायता राशि दिए जाने के आश्वासन के बाद मामला रफा दफा कर दिए जाने की चर्चा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!