डीवीसी चंद्रपुरा में महिलाओं के लिए कैंसर जागरूकता शिविर संपन्न
महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की जरूरत: अविजीत घोष
चंद्रपुरा
दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) चंद्रपुरा ताप विद्युत केंद्र के अस्पताल प्रबंधन द्वारा महिलाओं में कैंसर जागरूकता के लिए एक विशेष शिविर आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संपन्न हुआ.
महिलाओं की सफलता से ही समाज और देश की प्रगति – अविजीत घोष
शिविर के दौरान वरिष्ठ महाप्रबंधक अविजीत घोष ने कहा कि महिलाओं के साथ पुरुषों को कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए क्योंकि उनकी सफलता में ही समाज और देश की प्रगति निहित है. उन्होंने कहा,
“प्राचीन काल से ही समाज कल्याण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आज भी, महिलाओं के बिना एक स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती. हमें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए.
कैंसर से बचाव के लिए नियमित जांच की अपील
कार्यक्रम में अशर्फी अस्पताल के डॉक्टर विप्लव मिश्रा और डॉक्टर रमेश कुमार ने महिलाओं को स्तन कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को नियमित रूप से कैंसर की जांच करानी चाहिए ताकि किसी भी गंभीर बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके.
विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
शिविर में डॉ. पी.के. घोष, विनोद कुमार राय, कंचन स्मिता टोप्पो और डॉ. अंजनी तिग्गा ने भी महिलाओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं.
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर देते हुए समाज के हर वर्ग को महिलाओं के सम्मान और उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया गया.
