तेनुघाट: आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल जारी, पूर्व विधायक लंबोदर महतो और JLKM की नेत्री पूजा महतो ने दिया समर्थन
तेनुघाट
अनुमंडलीय अस्पताल, तेनुघाट में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार, 18 मार्च से जारी है. अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत कर्मचारियों से मिलने शुक्रवार को गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और पूजा महतो पहुंचे. उन्होंने हड़ताल पर बैठे कर्मियों को सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा.
पूर्व विधायक ने कहा, “झारखंड सरकार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की मांग माननी ही होगी. हम इस लड़ाई में पूरी तरह आपके साथ हैं.

सात महीने से वेतन नहीं मिलने पर नाराजगी
आउटसोर्सिंग कर्मचारी मानदेय, ईपीएफ, ईएसआई भुगतान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें पिछले सात महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिसके चलते उनका जीवनयापन कठिन हो गया है. कर्मियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.
हड़ताल के दौरान बिगड़ी कर्मचारी की तबीयत
हड़ताल के दौरान कर्मचारी सुदामा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें स्लाइन चढ़ाया गया.
पूरे जिले में हड़ताल की चेतावनी
कर्मचारियों ने बताया कि बोकारो जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों को हड़ताल की जानकारी पहले ही दी जा चुकी है. अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हड़ताल को और तेज किया जाएगा.
हड़ताल में शामिल कर्मचारी
हड़ताल पर बैठे कर्मियों में राजेश कुमार यादव, शिव कुमार यादव, चंदन कुमार, गोविन्द सिंह, प्रमाणन प्रसाद, तनवीर, संजय महतो, रवि देवी, अनीता देवी समेत कुल 24 कर्मचारी शामिल हैं.
