तेनुघाट की चार महत्वपूर्ण खबरें।
तेनुघाट में जलापूर्ति संकट: आरती कंस्ट्रक्शन ने 7 अप्रैल से पानी की सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी
तेनुघाट: भीषण गर्मी के बीच तेनुघाट के शिविर संख्या एक क्षेत्र के लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। आरती कंस्ट्रक्शन के साझेदार सुजीत सिन्हा ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखकर सूचित किया है कि 7 अप्रैल से जलापूर्ति बाधित की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि तेनुघाट ग्रामीण जिला पूर्ति योजना का कार्य आरती कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया था, जिसके तहत 10 अगस्त 2021 से जलापूर्ति शुरू की गई। लेकिन 1 दिसंबर 2023 से विभाग द्वारा भुगतान लंबित है। 16 फरवरी 2025 को कनीय अभियंता ने विपत्र समर्पित किया, लेकिन मार्च बीत जाने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ, जिससे कंपनी पर आर्थिक संकट गहराने लगा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिजली बाधित होने या नहर बंद होने की स्थिति को छोड़ दें, तो योजना के शुरू होने के बाद से एक दिन भी जलापूर्ति बंद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अब नियमित संचालन मुश्किल हो गया है।
इस पत्र की प्रतिलिपि मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, अधीक्षण अभियंता धनबाद अंचल और तेनुघाट पंचायत की मुखिया को भेजी गई है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी अब मिली है और जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय अधिकारियों से बात कर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया है।

2. रामनवमी पर तेनुघाट में सामूहिक ध्वजा स्थापना और सुंदरकांड पाठ
तेनुघाट: रामनवमी के पावन अवसर पर तेनुघाट में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से वीर बजरंगबली का ध्वज स्थापित किया। यह ध्वज तेनुघाट पहाड़ी शिव मंदिर, बड़ा चौक, नीचे आई टाइप कॉलोनी, मार्केट, घरवाटांड और सराहचिया क्षेत्र सहित कई स्थानों पर लगाया गया।
मंदिर में सामूहिक संकल्प लेकर विधिपूर्वक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ध्वजा स्थापना की गई। सुंदरकांड का पाठ भी श्रद्धा के साथ किया गया। कई लोगों ने अपने-अपने घरों पर भी भगवा ध्वज लगाया।
स्थानीय श्रद्धालुओं की मान्यता है कि वीर बजरंगबली सभी की रक्षा करते हैं और उनके ध्वज की उपस्थिति में कोई अनहोनी नहीं होती। इसी विश्वास को लेकर हर वर्ष सामूहिक रूप से ध्वजा स्थापना का आयोजन किया जाता है।

3. जयघोष से गूंज उठा तेनुघाट: रामनवमी शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
तेनुघाट: रामनवमी के पावन अवसर पर तेनुघाट में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव ने किया।
यह शोभायात्रा तेनुघाट बड़ा चौक शिव मंदिर से शुरू होकर छोटा चौक, पहाड़ी शिव मंदिर, आई टाइप, एफ टाइप होते हुए पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते हुए सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा में युवाओं ने लाठी, तलवार, फरसा आदि पारंपरिक हथियारों से करतब दिखाए, जिसे देखकर दर्शक आश्चर्यचकित हो गए।
बजरंगबली के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। “जय श्रीराम”, “राम लखन जानकी, जय बोलो हनुमान की” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
इस आयोजन में देव नंदन प्रसाद, अरुण कुमार महतो, पंकज सिंह, दीपक सिन्हा, उदय सिंह, सुजय आनंद, पंकज पाठक, संतोष कटरियार, पियूष कटरियार समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल थे।

4. घरवाटांड़ में रामनवमी की शोभायात्रा में दिखा अद्भुत उत्साह, छऊ नृत्य बना आकर्षण का केंद्र
तेनुघाट (घरवाटांड़): रामनवमी के उपलक्ष्य में 6 अप्रैल की संध्या घरवाटांड़ पंचायत में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्री चैत रामनवमी महासमिति द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा में श्रद्धालु तलवार और भगवा ध्वज के साथ कदमताल करते नजर आए। चारों तरफ “जय श्रीराम”, “बजरंग बली की जय” के नारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
बाइक रैली, भगवा ध्वज, पारंपरिक वेशभूषा और छऊ नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी मनोहारी बना दिया।
घरवाटांड़, छपरगढ़ा, चांपी, बालुडीह, उलगड्डा सहित कई गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे।
इस आयोजन में चंद्रिका यादव, मंटू यादव, महेश्वर यादव, पप्पू यादव, वीरेंद्र यादव, धीरज यादव समेत कई स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।
