तेनुघाट की तीन प्रमुख खबरें
बेरमो: शांति समिति की बैठक में निर्णय: तय रूट से निकलेगा जुलूस, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध: एसडीएम
तेनुघाट
तेनुघाट अनुमंडल कार्यालय में आगामी ईद और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने संयुक्त रूप से की। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रामनवमी और ईद का जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकलेगा और डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखेगी और ड्रोन कैमरों से विशेष निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें। बैठक में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के सभी प्रशासनिक अधिकारी, थानों के प्रभारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

तेनुघाट बांध प्रमंडल कार्यालय में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
तेनुघाट बांध प्रमंडल कार्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारी देवनंदन प्रसाद के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यपालक अभियंता रंजीत कुजूर की अगुवाई में उन्हें फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया और धार्मिक ग्रंथ गीता भेंट की गई। वक्ताओं ने उनके ईमानदारी और समर्पण को सराहते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रंजीत कुजूर ने कहा कि सेवा के बाद भी वे सामाजिक कार्यों में योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

तेनुघाट ओपी में ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक
तेनुघाट ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें गोमिया अंचल अधिकारी आफताब आलम, अंचल पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार और तेनुघाट थाना प्रभारी अजित कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रामनवमी जुलूस निकालने वाले अखाड़ों के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। अंचल अधिकारी ने ईद और सरहुल पर्व को लेकर भी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने की जानकारी दी। अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
