तेनुघाट पंचायत भवन में “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन,
Tenughat: तेनुघाट पंचायत भवन में “आपकी सरकार आपके द्वार” का एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि गोमिया विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो, और समाजसेवी संतोष श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया. इस अवसर पर विधायक महतो ने लक्ष्मी महिला मंडल तेनुघाट को 6 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किया. साथ ही, सावित्री बाई फुले योजना के तहत चार किशोरियों को लाभान्वित किया गया.
विधायक महतो ने कार्यक्रम में प्राप्त सभी ग्रामीणों के आवेदनों को निबंधित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया. बिजली बिल माफी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक कोई स्पष्ट दिशा निर्देश जारी नहीं किया है, और लोगों को भ्रमित किया जा रहा है. यदि वास्तव में बिजली माफ करनी है, तो आवेदन लेने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सभी का बिजली बिल एकमुश्त माफ कर देना चाहिए.
प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार महतो ने बताया कि ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों के स्टॉल कार्यक्रम में लगाए गए हैं. शेष समस्याओं का समाधान यथासंभव प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान बिजली बिल माफी के लिए सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए. हालांकि, बिजली विभाग का स्टॉल सबसे देर से लगाया गया, और इस मुद्दे पर कार्यपालक अभियंता को सूचना दी गई, जिसके बाद दुलारचंद यादव को प्रतिनियुक्त किया गया.
स्वास्थ्य विभाग में बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन और ओपीडी में लगभग 50 मरीजों की जांच की गई. सावित्री बाई फुले योजना में 3, मईया सम्मान योजना में 6, पेंशन में 2, पशुपालन में 9, और अबुआ आवास योजना में 2 आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा, तेनुघाट से वयस्कों के लिए बीसीजी टीकाकरण की शुरुआत की गई, जिसमें 19 लोगों को टीका लगाया गया.
इस अवसर पर प्रधान सहायक मोहम्मद गुलाम रसूल, मोहम्मद रेहान, पंकज कुमार, गणेश दास, अभय कुमार, पूरण कुमार, जसू श्रीवास्तव, रंजु कुमारी, सुनील कुमार सिन्हा, पंसस अजीत कुमार पांडेय, पंकज पाठक, सरोज कुमार, कुंदन झा, संजय प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
