तेनुघाट: पति-पत्नी के बीच समझौते के बाद पौधारोपण की अनूठी पहल
तेनुघाट
तेनुघाट अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार समिति के सचिव सह एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने एक अनूठी पहल के तहत समझौते के बाद एक पति-पत्नी को पौधा भेंट किया. जानकारी के अनुसार, तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के मध्यस्थता केंद्र में पति-पत्नी के बीच विवाद सुलझाकर समझौता कराया गया.
एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद होने के कारण तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के कुटुंब न्यायालय में तलाक का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में समझौते के लिए मध्यस्थता केंद्र भेजा गया. मध्यस्थता केंद्र में अधिवक्ता विश्वनाथ द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और मामला समाप्त किया गया.
समझौते के उपरांत, एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने अधिवक्ता विश्वनाथ, विनय कुमार सिन्हा, रीतेश कुमार जायसवाल, और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में पति-पत्नी को पौधा लगाने के लिए भेंट किया. इस पहल का उद्देश्य न केवल आपसी विवादों को सुलझाना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देना है.
