तेनुघाट: पेट्रोल पंप के पास दो बाइक में टक्कर, एएसआई समेत तीन घायल
तेनुघाट/डेस्क
तेनुघाट स्थित उलगड्डा पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद तेनुघाट ओपी पुलिस के एसआई मनोज तिर्की व पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट पहुंचाया.
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पहली बाइक हीरो होंडा (नंबर JH 11 C 9577) पर शैलेन्द्र मुर्मू सवार थे, जो तेनुघाट जेल में एएसआई पद पर कार्यरत हैं. वहीं, दूसरी बाइक यामाहा एमटी (नंबर JH 24 M 1287) पर रामचंद्र टुडू एवं राजू सोरेन, निवासी वंजरवा, गोला प्रखंड, रामगढ़, सवार थे. वे तेनुघाट डैम घूमने व फोटोशूट करने आए थे और वापस लौटते समय पेट्रोल पंप के पास बाइक से नियंत्रण खो बैठे, जिससे यह टक्कर हो गई.
दुर्घटना में एएसआई शैलेन्द्र मुर्मू की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो बीजीएच रेफर किया गया. वहीं, रामचंद्र टुडू और राजू सोरेन का इलाज तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया. डॉ. शंभू ने बताया कि सभी लोग खतरे से बाहर हैं, लेकिन उनके परिजन चाहें तो बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जा सकते हैं.
तेनुघाट ओपी पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में अत्यधिक गति व नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है.
