तेनुघाट: मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विद्युत विभाग की बैठक में लगाई फटकार, ग्रामीणों को जल्द मिलेगी बिजली बहाल
तेनुघाट
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा मध निषेध विभाग मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शनिवार को तेनुघाट टूरिस्ट कांप्लेक्स में विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति की खराब व्यवस्था को लेकर अधिकारियों और संवेदकों को कड़ी फटकार लगाई। मंत्री ने साफ कहा कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव की बिजली समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में बिजली नहीं है, वहां प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति बहाल की जाए। लंबे समय से खराब ट्रांसफार्मर वाले गांवों में तत्काल ट्रांसफार्मर बदला जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई संवेदक कार्य में लापरवाही करता है, तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, महाप्रबंधक सह मुख्य अभियंता (धनबाद) अशोक कुमार सिन्हा, अधीक्षण अभियंता चास डी.के. सिंह, कार्यपालक अभियंता तेनुघाट प्रभाकर कुमार, गोमिया अंचलाधिकारी आफताब आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री ने कहा कि गोमिया क्षेत्र में टीआरडब्ल्यू (ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप) की स्थापना की जाएगी, जिसका स्थल निरीक्षण भी कर लिया गया है। इससे ग्रामीणों को बोकारो या धनबाद जाकर ट्रांसफार्मर मरम्मत कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि जर्जर तार और पोलों को भी शीघ्र बदला जाए, ताकि गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए। बिजली की चपेट में आकर मवेशियों की हुई मौत के मुआवजे में देरी को लेकर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। मौके पर दो लाभुकों को मवेशियों के मुआवजे का वितरण भी किया गया।

इसके अलावा गोमिया प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका और सहायिका को नियुक्ति पत्र दिया गया, वहीं पेटरवार प्रखंड में पशुधन योजना के तहत शेड निर्माण की परिसंपत्ति का वितरण किया गया। सड़क दुर्घटना में मारे गए तीन व्यक्तियों के परिजनों को भी मुआवजा प्रदान किया गया।
इस मौके पर पेटरवार बीडीओ संतोष महतो, सीओ अशोक राम, तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार, दीपक कुमार गुप्ता, संजय कुमार शर्मा, मिक्की सिन्हा, गोपाल जी विश्वनाथन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद थे।
