तेनुघाट में प्रशासन एकादश बनाम पत्रकार एकादश दोस्ताना क्रिकेट मैच, प्रशासन की रोमांचक जीत
तेनुघाट
जवाहर नवोदय विद्यालय, तेनुघाट में 29 जनवरी को प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें प्रशासन एकादश ने रोमांचक मुकाबले में पत्रकार एकादश को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो गए। बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ ने पुरस्कार वितरण के दौरान कहा कि इस तरह के आयोजनों से आपसी सौहार्द और टीम भावना को बढ़ावा मिलता है। वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि मैच काफ़ी रोमांचक रहा और प्रशासन एकादश हर क्षेत्र में हावी रहा।
टॉस जीतकर पत्रकार एकादश के कप्तान सुभाष कटरियार ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन एकादश ने पत्रकार एकादश को हराया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रंजय कुमार, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रंजय कुमार, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज प्रफुल्ल महतो, सर्वश्रेष्ठ फील्डर: श्री निवास सिंह रहे।
प्रतिष्ठित अतिथियों और आयोजकों की भूमिका
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य विपिन कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से छात्रों को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने ओएनजीसी के सहयोग की भी सराहना की। ओएनजीसी के शुभम चौधरी ने कहा कि दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और हार-जीत खेल का हिस्सा है।
मैच में अंपायर की भूमिका महेंद्र राय और दीपक कुमार ने निभाई, स्कोरर हिमांशु कुमार और विशाल पटेल थे, जबकि कमेंट्री मो. जावेद और कौशल कुमार ने की।
मैच में मौजूद गणमान्य लोग
इस मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी कनिष्क कुमार, गोमिया पुलिस इंस्पेक्टर महेश प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार सिंह, तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार, पत्रकार बीरेंद्र प्रसाद, मुकेश कुमार महतो, शैलेश चंद्र, मिथलेश कुमार, बॉबी राज, प्रशांत कुमार सिन्हा, पप्पू चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मैच को सफल बनाने में विद्यालय शिक्षक रवि राय, मुरारी कुमार बरनवाल, संतोषी माहरा, अंविता त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षकों, छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
