Homeबोकारोतेनुघाट में विद्युत समस्या समाधान को लेकर गोमिया विधायक ने की बैठक

तेनुघाट में विद्युत समस्या समाधान को लेकर गोमिया विधायक ने की बैठक

तेनुघाट में विद्युत समस्या समाधान को लेकर गोमिया विधायक ने की बैठक
तेनुघाट
गोमिया विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही और पूर्व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद ने सोमवार, 2 दिसंबर को तेनुघाट टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की. बैठक में विधायक ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए.

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के कई सुदूरवर्ती गांव आजादी के 76 वर्ष बाद भी बिजली सुविधा से वंचित हैं. उन्होंने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कहा कि 2018 तक उनके कार्यकाल में जो विद्युत सुधार कार्य हुए थे, उनके बाद इस दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई है, जिससे क्षेत्र विकास की दृष्टि से 20 वर्ष पीछे चला गया है. उन्होंने आगामी साढ़े चार वर्षों में क्षेत्र को 20 वर्ष आगे ले जाने का संकल्प व्यक्त किया.

बैठक के प्रमुख निर्देश
विधायक योगेंद्र प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगे हैं, वहां उच्च क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए जाएं. जर्जर तारों को शीघ्र बदला जाए और 440 वोल्ट व 11 केवीए ट्रांसफार्मर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए. जिन ग्रामीण इलाकों में अब तक विद्युतीकरण नहीं हुआ है, वहां यथाशीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.

तेनुघाट में जर्जर तारों का होगा शीघ्र समाधान
विधायक ने बताया कि तेनुघाट में जर्जर तारों को शीघ्र बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इसके साथ ही क्षेत्र के संपर्क पथों की जर्जर स्थिति को लेकर भी ध्यान आकर्षित किया गया, जिस पर उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान समय पर किया जाएगा.

उन्होंने यह भी कहा कि जहां झारखंड के अन्य विधायक अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं, वहीं वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं.

बैठक में बिजली विभाग के समीर कुमार, रणधीर कुमार सिंह, कामेश्वर ठाकुर, नरेंद्र मिंज, गणेश रविदास, कूनू राम टुडू, दुलार यादव, दीपक कुमार, संजय ठाकुर सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!