तेनुघाट में विविध संस्थानों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन, योग से निरोग जीवन का दिया संदेश
तेनुघाट
आठवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तेनुघाट क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों द्वारा योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
डीएवी पब्लिक स्कूल तेनुघाट में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में हुआ। खेल शिक्षक सूरज कुमार के निर्देशन में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विभिन्न योगासन व प्राणायाम का अभ्यास किया। प्राचार्या स्तुति सिन्हा ने छात्रों को “करो योग, रहो निरोग” का संदेश देते हुए कहा कि योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इसी क्रम में तेनुघाट जेल परिसर में भी योग दिवस मनाया गया। प्रशिक्षक दीपक कुमार और प्रेमलता के मार्गदर्शन में जेल अधीक्षक अरुणाभ, जेलर नीरज कुमार समेत लगभग 75 पुरुष और महिला बंदियों ने योगाभ्यास किया। जेल अधीक्षक ने योग को मानसिक शांति और आत्म-संयम का प्रभावी माध्यम बताया। जेलर नीरज कुमार ने बंदियों से अपने जीवन में योग को अपनाने की अपील की।
वहीं तेनुघाट व्यवहार न्यायालय परिसर में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनील कुमार मिश्रा के निर्देश पर योग शिविर आयोजित किया गया। जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति सहित न्यायिक पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने योग को तनावमुक्त जीवन और स्वस्थ शरीर का आधार बताया।