तेनुघाट: युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के तीसरा आरोपी भी हुआ गिरफ्तार
अनंत/डेस्क
तेनुघाट डैम घूमने आई 22 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी सरफुद्दीन अंसारी उर्फ धुज्जा (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।
यह जघन्य अपराध 5 फरवरी को हुआ, जब झिरकी निवासी 42 वर्षीय इमरान अंसारी और उसके दो साथियों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के परिजनों ने तेनुघाट ओपी में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इमरान अंसारी को उसके घर से गिरफ्तार किया था। दूसरा आरोपी लाल मोहम्मद (43 वर्ष), पिता स्व. रबुल अंसारी, झिरकी, थाना गोमिया (कथारा ओपी) को 14 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
तेनुघाट ओपी प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ का लगा, लेकिन बाद में गंभीर अपराध की पुष्टि हुई। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, जिसके बाद तीसरे आरोपी सरफुद्दीन अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना के बाद से इलाके में रोष था। लेकिन पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में तत्परता दिखाई। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस की तत्परता से लोगों में न्याय की उम्मीद जगी है।
