तेनुघाट: वित्त विभाग का उप कोषागार कार्यालय का भवन जर्जर
Tenughat: बेरमो अनुमंडल के तेनुघाट मुख्यालय स्थित झारखंड सरकार वित्त विभाग के उपकोषागार कार्यालय की स्थिति इन दिनों अत्यधिक चिंताजनक हो गई है, विशेषकर लगातार हो रही बारिश के कारण कार्यालय भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि छत और दीवारों से पानी का रिसाव हो रहा है. एक भी कमरा सुरक्षित नहीं बचा है. महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और फाइलें पानी में भीगकर खराब होने की संभावना प्रबल है.
सभी कमरे, चाहे वह स्टोर रूम हो, कंप्यूटर रूम, या कर्मचारियों और अधिकारियों के कार्यालय हों, हर जगह पानी टपक रहा है. स्थिति इतनी भयावह है कि छत के टुकड़े टूटकर गिर रहे हैं, जिससे कर्मचारियों को गंभीर चोट लगने का खतरा बना हुआ है. कर्मचारी मजाक में कहते हैं कि अब उन्हें हेलमेट पहनकर काम करना पड़ेगा.
कार्यालय के कर्मचारी बताते हैं कि लगभग पांच वर्ष पहले मामूली मरम्मत का काम हुआ था, लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा. वर्तमान में भवन की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है.
उप कोषागार पदाधिकारी संजय विनीत होरो का कहना है कि यह भवन लगभग चालीस वर्ष पहले बनाया गया था और अब यह पूरी तरह से जर्जर हो चुका है. हर कमरे में छत और दीवारों से पानी टपकने के कारण सभी सरकारी दस्तावेज गीले हो गए हैं, और इन्हें सुरक्षित रखने के लिए कोई जगह नहीं है. उन्होंने कई बार वरीय अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक उचित कार्रवाई नहीं हुई है. अंततः, उन्होंने हेड क्वार्टर वित्त विभाग, रांची को भी पत्र लिखकर नई भवन के निर्माण की मांग की है.
गौरतलब है कि इस उपकोषागार कार्यालय से अनुमंडल के सातों प्रखंडों के सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं और संवेदकों का भुगतान होता है. लेकिन वर्तमान स्थिति के कारण महत्वपूर्ण फाइलें खराब हो रही हैं, और कई वर्षों के पुराने दस्तावेज भी नष्ट हो रहे हैं.
