तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 7 करोड़ से अधिक राशि वसूली
तेनुघाट/डेस्क
तेनुघाट व्यवहार न्यायालय में शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड उच्च न्यायालय एवं प्रधान जिला जज सह सत्र न्यायाधीश बोकारो अनिल कुमार मिश्रा के निर्देश पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. इस लोक अदालत में कुल 72,157 मामलों का निपटारा कर लगभग 7 करोड़ 22 लाख रुपए की समझौता राशि वसूल की गई.
बिजली विभाग के 5,634 मामलों में 3 करोड़ 64 लाख, बैंक विभाग के 169 मामलों में 1 करोड़ 51 लाख, और चेक बाउंस के 27 मामलों में 12 लाख 95 हजार रुपए वसूल किए गए. अन्य विभागों, जैसे उत्पाद, वन और प्री-लिटिगेशन के मामलों का भी निपटारा किया गया.
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन जिला जज प्रथम अनिल कुमार, कुटुंब न्यायालय के प्रेमनाथ पांडेय, जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलन के साथ किया. जिला जज प्रथम अनिल कुमार ने कहा कि लोक अदालत की प्रक्रिया से समय और पैसे की बचत होती है. यह छोटे-मोटे मामलों को सुलझाने का प्रभावी माध्यम है.
एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल ने बताया कि लोक अदालत संविधान के सामाजिक और आर्थिक न्याय की परिकल्पना को साकार करती है. यह वर्ष में चार बार आयोजित होती है और अपील की संभावना नहीं रहती. इस आयोजन में तीन बेंच का गठन किया गया, जिनमें जिला जज द्वितीय सूर्य मणि त्रिपाठी, एसडीजेएम रश्मि अग्रवाल, मुंसिफ शिवराज मिश्रा और अन्य अधिवक्ता शामिल थे.
इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पीएलवी सदस्य, और न्यायालय कर्मी उपस्थित थे. लोक अदालत की सफलता के लिए सभी को साधुवाद दिया गया.
