घर-घर चला कानूनी जागरूकता अभियान
दारू प्रखंड – पुनाई पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हजारीबाग, 26 फरवरी 2025 – झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, हजारीबाग के बैनर तले 90 दिवसीय डोर-टू-डोर विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को दारू प्रखंड के पुनाई पंचायत अंतर्गत पुनाई टटगाँवा गांव में पारा लीगल वॉलंटियर्स करण कुमार दास द्वारा कानूनी जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत घर-घर जाकर ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर क्राइम, नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, महिला उत्पीड़न आदि विषयों पर जानकारी दी गई। इसके अलावा, लोगों को यह भी बताया गया कि वे सिविल कोर्ट, न्याय सदन भवन स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में पहुंचकर अपने आपसी विवादों का मुफ्त और त्वरित समाधान पा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर प्राधिकार द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता भी उपलब्ध कराया जाता है।
इसके अलावा, ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि अब वे घर बैठे निःशुल्क कानूनी सलाह प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकार की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 नंबर जारी किए गए हैं।
यह अभियान जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगातार चलाया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी मिल सके और वे किसी भी तरह के शोषण से बच सकें।