धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक में गिरिडीह सांसद ने उठाई जनहित की मांगें
धनबाद। धर्मेंद्र
सोमवार को धनबाद रेलवे मंडल मुख्यालय के सभागार में आयोजित ‘धनबाद मंडल संसदीय समिति’ की बैठक में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सांसद ने हिस्सा लिया। इस मौके पर हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, धनबाद डीआरएम, और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्रीय रेल यात्रियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर कई अहम मुद्दे उठाए गए।
सांसद ने गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में रेलवे से संबंधित प्रमुख मांगों को रखते हुए रेलवे प्रबंधन को जनहित में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रेल यातायात को सुदृढ़ किया जा सकेगा। बैठक में निम्नलिखित प्रमुख बिंदु उठाए गए:
डीसी पैसेंजर ट्रेन का संचालन: हटिया तक और धनबाद-बोकारो रूट पर 11 बजे का फेरा शुरू करने की मांग।
मतारी स्टेशन का विकास: प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने, यात्री शेड और सड़क निर्माण के साथ-साथ गंगा दामोदर एक्सप्रेस और इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव।
तेलो स्टेशन का सौंदर्यीकरण: सर्कुलेटिंग एरिया को विकसित करने और इसे व्यापार केंद्र के रूप में उभारने का सुझाव।
फुसरो और बेरमो स्टेशन का विस्तार: फुसरो में नए प्लेटफॉर्म और शेड की मांग, जबकि बेरमो में प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का अनुरोध।
धनबाद-रांची रूट: इंटरसिटी और वनांचल एक्सप्रेस के फुलारीटांड़ में ठहराव को बहाल करने की मांग।
नए ट्रेन रूट्स: धनबाद से नई दिल्ली, बेंगलुरु, और मुंबई के लिए नई ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव।
कतरास-खरखरी लिंक: इसे दक्षिण पूर्व रेलवे से जोड़ने की आवश्यकता।
ग्रामीण कनेक्टिविटी: करमादूँगरी रेलवे गेट और अन्य स्थानों पर अंडरपास निर्माण की मांग।
तेतुलमारी स्टेशन: प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने और क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का अनुरोध।
पतरातू क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण योजना पर पुनर्विचार: भूमि अधिग्रहण से प्रभावित ग्रामीणों और धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखने की मांग।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि विजय शर्मा ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को विस्तार से रखा। रेलवे अधिकारियों ने इन मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
