नदी में नहाने गए तीन बच्चों में एक की डूबने से मौ’त, दो को मछुआरे ने बचाया
फुसरो (बेरमो)
फुसरो नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत ढोरी खास स्थित दामोदर नदी में रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गए तीन बच्चों में से एक 16 वर्षीय आयुष जायसवाल की डूबने से मौ’त हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को नदी किनारे मछली मार रहे एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए बचा लिया।
मृतक आयुष जायसवाल उड़ीसा के बड़बिल में अस्थाई रूप से रह रहा था और मूल रूप से धनबाद का निवासी था। दो दिन पूर्व ही वह अपने मामा के घर, ढोरी पांच नंबर धौड़ा आया था। रविवार को वह अपने ममेरे भाइयों गोलू कुमार और श्याम कुमार के साथ दामोदर नदी में नहाने गया था।
नहाने के क्रम में तीनों बच्चे नदी की तेज धारा में बहकर गहरे पानी में चले गए। घटना के वक्त पास ही मछली मार रहे एक व्यक्ति ने उन्हें डूबते देखा और तत्काल मदद के लिए दौड़ा। उसने गोलू और श्याम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आयुष की जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों को सूचना दी गई। आयुष की मां सहित परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर रो-रोकर बेहाल हो गए। प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची। खेतको से बुलाई गई गोताखोर टीम ने काफी प्रयास के बाद आयुष के शव को नदी से बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा उपाय करने और बच्चों को नदी में अकेले जाने से रोकने की अपील की है। इस घटना ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
