नावाडीह: अबुआ आवास के लाभुक ने बिचौलिए द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत बीडीओ से की
Nawadih: नावाडीह प्रखंड के लौह नगरी भेंडरा पंचायत निवासी शांति देवी ने पंचायत में अबूआ आवास योजना के तहत रिश्वत मांगने को लेकर बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम को लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में शांति देवी ने आरोप लगाया है कि पंचायत के वार्ड सदस्य के पति उत्तम चौरसिया उनके घर आए और कहा कि उनका अबूआ आवास स्वीकृत हो गया है, लेकिन इसके लिए पांच हजार रुपये तत्काल देने होंगे, जो पंचायत सचिव, मुखिया और बीडीओ को देना पड़ता है. इसके बाद उन्हें 35 हजार रुपये और देने होंगे.
शांति देवी ने बताया कि वह एक विधवा महिला है और उनके पुत्र लोहार का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता है. उनका घर काफी जर्जर हालत में है, और बरसात के समय उसमें पानी भर जाता है. उन्होंने बताया कि वार्ड सदस्य के पति को पैसा देने के लिए उन्होंने गांव में पैसा उधार मांगने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की, लिहाजा वह पैसा नहीं दे पाई, जिसके कारण उनका नाम काट दिया गया. शांति देवी ने कहा कि अगर उन्हें आवास नहीं मिला, तो वह राज्य के महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी देवी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएंगी.
वार्ड सदस्य ने क्या कहा
वार्ड सदस्य के पति उत्तम चौरसिया ने कहा कि इस मामले में वे कहीं नहीं हैं. वैसे शान्ति देवी का दो तल्ला मकान है. अबूआ आवास की सूची में उसका नाम है. लेकिन पक्का मकान होने के वजह से अबुआ आवास नहीं दिया जा रहा होगा. वह झूठा आरोप मुझ पर लगा रही है.
इस संबंध में नावाडीह बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम ने कहा कि किसी भी योजना या आवास के लिए लाभुकों को एक भी रुपया देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि शांति देवी द्वारा दी गई शिकायत की जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
