Homeबोकारोनावाडीह: जंगल से अवैध उत्खनन कर हो रही कोयले की तस्करी, वन...

नावाडीह: जंगल से अवैध उत्खनन कर हो रही कोयले की तस्करी, वन विभाग ने चार टन कोयला लदा पिकअप वैन किया जब्त

नावाडीह: जंगल से अवैध उत्खनन कर हो रही कोयले की तस्करी, वन विभाग ने चार टन कोयला लदा पिकअप वैन किया जब्त
नावाडीह/डेस्क
नावाडीह थाना और पैंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है. कोयला तस्कर जंगल से अवैध उत्खनन कर पिकअप वैन के जरिए गिरिडीह जिले के निमियाधाट थाना क्षेत्र अंतर्गत पोरदाग और खाखी स्थित कोल फैक्ट्रियों में कोयला खपाने का गोरखधंधा चला रहे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार की रात नावाडीह वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शांतिवन के समीप फुसरो-नावाडीह मुख्य पथ पर अवैध कोयला लदी एक पिकअप वैन (संख्या: BR 46 B 8208) को जब्त कर लिया.
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नावाडीह और पैंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के चपरी, बड़कीबेड़ा, गुंजरडीह, पलामू, रक्साटुगरी और चरकपनिया गांवों में अवैध कोयला उत्खनन कर रात के अंधेरे में पिकअप वैन से गिरिडीह के पोरदाग और खाखी कोल फैक्ट्री में पहुंचाया जाता है. यहां इस कोयले को प्रोसेस कर ऊंचे दामों पर कोयला मंडी में बेचा जाता है.
सूचना के आधार पर वन विभाग के प्रभारी वनपाल मुकेश कुमार महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी दौरान कोदवाडीह-सारूबेड़ा जंगल के बीच शांतिवन की ओर आ रही पिकअप वैन को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वाहन का चालक टीम को देख वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला. जब टीम ने वाहन की जांच की, तो उसमें करीब चार टन अवैध स्टीम कोयला लदा हुआ पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया.
कोयला तस्करों में मचा हड़कंप
वन विभाग ने वाहन मालिक और चालक के खिलाफ 33 वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है. इस कार्रवाई के बाद से कोयला तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है.
प्रभारी वनपाल मुकेश कुमार महतो ने बताया कि अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने के लिए तस्करों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, “किसी भी हाल में जंगल से अवैध उत्खनन कर कोयला तस्करी को नहीं चलने दिया जाएगा. विभाग लगातार छापेमारी कर इस पर शिकंजा कस रहा है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!