Homeबोकारोनावाडीह: पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में छाया अतिक्रमण का मामला

नावाडीह: पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में छाया अतिक्रमण का मामला

नावाडीह: पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में छाया अतिक्रमण का मामला

Nawadih: नावाडीह प्रखंड मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को प्रखंड पंचायत समिति सदस्यों की मासिक समीक्षा बैठक प्रखंड प्रमुख पुनम देवी की अध्यक्षता में हुई. पिछले बैठक में लिए गए प्रस्तावों और अनुपालन की समीक्षा की गई. साथ ही, मुख्यमंत्री बहन बेटी स्वावलंबन योजना की जानकारी देते हुए, अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए पंचायत में जागरूकता फैलाने की अपील की गई.

बैठक में नावाडीह प्रखंड के विभिन्न गांवों में हो रहे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला छाया रहा. सदस्यों ने अभियान चलाकर अतिक्रमण भूमि को मुक्त करवाने की मांग की.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रमुख पुनम देवी ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को योग्य लाभुक तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अधिकारी और कर्मचारी पर होती है, जिसमें जन प्रतिनिधि और पंचायत प्रतिनिधि सहयोग करते हैं, लेकिन सरकार की योजनाओं में लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से प्रतिनिधियों की उपेक्षापूर्ण नीति अपनाई जा रही है, जिसके कारण योग्य लाभुक लाभ से वंचित हो रहे हैं. बैठक के माध्यम से अंतिम चेतावनी दी जा रही है कि यदि कार्य पद्धति में सुधार नहीं हुआ, तो दोषी अधिकारी और कर्मचारी पर कार्रवाई के लिए सरकार को लिखा जाएगा.

प्रमुख ने कहा कि सदन की बैठक को अधिकारी गरिमामय बनाते हैं, लेकिन अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी सदन के अध्यक्ष की अनुमति के बिना बैठक से अंदर-बाहर करते हैं, जो अनुशासनहीनता का परिचायक है. सदन की गरिमा बनाए रखने का काम अधिकारी और कर्मचारी करें, वरना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

इससे पूर्व, मंत्री बेबी देवी के प्रतिनिधि विश्वनाथ महतो ने नेतरहाट आवासीय विद्यालय के तर्ज पर नावाडीह में सरकार द्वारा प्रस्तावित विद्यालय निर्माण के लिए 15 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध करवाने की मांग की. पंसस जयनाथ रजक ने चिरूडीह में नवनिर्मित आईटीआई कॉलेज के लिए आम रास्ता उपलब्ध करने की मांग की. वहीं, नावाडीह पंसस निर्मल महतो ने नावाडीह के खाता नंबर 88, प्लॉट नंबर 1440, रकवा 17 डी सरकारी भूमि पर एक पंचायत प्रतिनिधि द्वारा अतिक्रमण कर महल और गैरेज बनाने का मामला उठाया. बिरनी मुखिया जयनाथ महतो ने पंचायत के सरकारी तालाब में हो रहे अतिक्रमण को मुक्त कराते हुए मेड पर पौधरोपण करने की मांग रखी.

पेंक पंसस नवीन सोरेन और भेण्डरा के गोपाल यादव ने प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षक न होने के कारण बच्चों का भविष्य अंधकारमय होने की बात कही और शीघ्र शिक्षक की पदस्थापन की मांग की. उपप्रमुख हरिलाल महतो ने मनरेगा योजना में वेंडर द्वारा सामग्री मद में लाभुकों से 40 प्रतिशत कमीशन काटे जाने की बात कही और अधिकारी से इस पर शीघ्र लगाम लगाने का अनुरोध किया.

मौके पर बीडीओ प्रशांत कुमार हेम्ब्रम, सीओ अभिषेक कुमार, जिप सदस्य फूलमती देवी, कुमारी खुशबू, चिकित्सा प्रभारी डा. राकेश कुमार भारती, बीटीएम सुरेश रजक, अहमद रजा खान, कनीय अभियंता नवीन कुमार कुल्लू, संजय कुमार, वरूण कुमार मिश्रा, मुखिया संघ अध्यक्ष विश्वनाथ महतो, पंसस पति महतो, गीता देवी, ममता भट्टाचार्य, डेगलाल तुरी, नूरजहां, गायत्री देवी, सरोज देवी, पंचायत सचिव मो. फिरोज, कुंदन कुमार, मुकेश कुमार गुप्ता, सुजीत कुमार, रंजीत कुमार, मिथलेश कुमार वर्मा, नमिता कुमारी, मदन रजक, अखिलेश्वर महतो आदि मौजूद थे.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!