नावाडीह: पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियम और कुप्रथाओं की दी जानकारी
Nawadih: नावाडीह प्रखंड के भूषण +2 उच्च विद्यालय में पुलिस द्वारा छात्र एवं छात्राओं के बीच एक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में बेरमो महिला थाना प्रभारी सुमन कुमारी और नावाडीह थाना प्रभारी रवि कुमार ने छात्रों को महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों और कानूनों के बारे में जानकारी दी.
कार्यक्रम के दौरान, छात्रों को मानव तस्करी, नशापान, बाल विवाह, डायन प्रथा, छेड़खानी, महिलाओं से संबंधित अपराध, यातायात नियमों के पालन, और साइबर अपराध के बारे में जागरूक किया गया.
बेरमो महिला थाना प्रभारी सुमन कुमारी ने महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में वे डायल 112 या 1930 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं. उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबरों पर देने की सलाह दी.
थाना प्रभारी रवि कुमार ने यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया और कहा कि बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल से विद्यालय आने वाले छात्रों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें उनके माता-पिता पर भी जुर्माना लगाया जा सकता है.
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील सुमन, शिक्षक अखिलेश सिंह, छत्रबली पंडित, कमलेश सिंह, प्रमोद सिंह, सुकुमार दत्ता, धनंजय कुमार, भोला महतो, और भगीरथ महतो समेत कई अन्य लोग मौजूद थे.
