नावाडीह में सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
नावाडीह
झारखंड अनुसूचित जाति सहकारिता विकास निगम लिमिटेड, रांची के सौजन्य से आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति द्वारा स्वामी विवेकानंद प्रशिक्षण हॉल, नावाडीह में छः मासिक सिलाई-कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया. इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य फुलमती देवी, और आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
प्रमुख पूनम देवी ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर से नावाडीह और आसपास के पंचायतों की महिलाएं और छात्राएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ेंगी. उन्होंने कहा कि महिलाएं सिलाई और कढ़ाई के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने परिवार का जीवन-यापन सरलता से कर सकती हैं. उन्होंने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा.
आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के सचिव बासुदेव शर्मा ने जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण शिविर छः महीने तक चलेगा, जिसमें 15 प्रशिक्षार्थियों को सिलाई-कटाई, कढ़ाई और विभिन्न प्रकार के डिज़ाइन बनाने की ट्रेनिंग दी जाएगी. प्रशिक्षण के बाद सभी को सिलाई मशीनें प्रदान की जाएंगी ताकि वे अपने घरों में स्वरोजगार कर सकें और स्थानीय बाजार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें. प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा.
इस अवसर पर अरुण कुमार, संतोष कुमार, भुनेश्वर महतो, संगीता देवी, पुष्पा देवी, पिंकी देवी, गीता देवी, मालती देवी, बासो देवी, साबिता कुमारी, मंजू देवी, शांति देवी, प्रियंका कुमारी, तम्मना कुमारी मौजूद थी.
