नावाडीह: सेवानिवृत्त शिक्षक को समारोह पूर्वक दी गई विदाई
Nawadih: नावाडीह प्रखंड के उपरघाट स्थित पोखरिया पंचायत में संचालित उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरिया परिसर में शनिवार को एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त शिक्षक बंशी महतो को भावभीनी विदाई दी गई. इस मौके पर विद्यालय परिवार ने उन्हें माला पहनाकर, उपहार और शॉल भेंट कर सम्मानित किया. विद्यालय की ओर से उन्हें अटैची, छाता और पुस्तकें भी भेंट की गईं.
समारोह में झारखंड डिग्री कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य धानेश्वर विद्यार्थी ने शिक्षक के समाज में सर्वोपरि स्थान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता होते हैं और यह समाज को बेहतर दिशा देने का कार्य करते हैं. नावाडीह झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद महतो ने कहा कि सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त होना एक नियति है, लेकिन सेवाकाल के दौरान बेदाग रहकर सेवानिवृत्त होना एक बड़ी बात है.
सेवानिवृत्त शिक्षक बंशी महतो ने इस सम्मान के लिए विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया और भविष्य में विद्यालय की हरसंभव मदद का आश्वासन दिया. इस अवसर पर पंसस डेगलाल तुरी, बीआरपी लालचंद महतो, प्रधानाध्यापक उमेश महतो, उमाशंकर महतो, ओम प्रकाश उपाध्याय, दिनेश कुमार मिश्र, सौरभ सिन्हा, सहायक अध्यापक नारायण महतो, कुंवर महतो, मुकुंद साव, भैरो महतो, खुबलाल महतो, जागेश्वर महतो, सुरेश ठाकुर, राजेंद्र महतो, कोलेश्वर महतो, समाजसेवी रितलाल महतो, जानकी महतो, रामचंद्र यादव, और बासुदेव महतो सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
