Homeबोकारोपिट्स मॉडर्न स्कूल के अमन कुमार ने जेईई (मेन) में किया उत्कृष्ट...

पिट्स मॉडर्न स्कूल के अमन कुमार ने जेईई (मेन) में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

पिट्स मॉडर्न स्कूल के अमन कुमार ने जेईई (मेन) में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
गोमिया
गोमिया पिट्स मॉडर्न स्कूल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
विद्यालय के अमन कुमार प्रमाणिक ने 99.51 परसेंटाइल प्राप्त कर स्कूल में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके अलावा सत्यम कुमार ने 99.17 परसेंटाइल, अनुष्का गुप्ता ने 97.53 परसेंटाइल, शशांक कुमार ने 94.52 परसेंटाइल, अमन कुमार ने 93.32 परसेंटाइल, आलिया जुनेद ने 92.22 परसेंटाइल तथा एमडी अल्तमश ने 89.09 परसेंटाइल प्राप्त किया। उत्कर्ष कुमार एवं सिद्धार्थ मुर्मू ने परीक्षा क्वालीफाई की है, जबकि कुछ अन्य परिणाम प्रतीक्षारत हैं।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित में उच्च एनटीए स्कोर विद्यार्थियों की विषयगत दक्षता और कठिन परिश्रम को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर आई ई पी एल (ओरिका), गोमिया के महाप्रबंधक अभिषेक विश्वास ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी प्रतिभा और लगन का परिणाम है। गोमिया विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता ने भी छात्रों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों और छात्रों के बेहतर समन्वय को इसका आधार बताया।
विद्यालय के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास ने इसे विद्यालय के इतिहास का एक और स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम छात्रों के समर्पण, अनुशासित तैयारी और शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन का प्रतिफल है। साथ ही उन्होंने सफल विद्यार्थियों को आगामी जेईई (एडवांस) के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!