पुलिस का संयुक्त फुट पेट्रोलिंग अभियान, असामाजिक तत्व हो जाएं सावधान
गोमिया
गोमिया और आईइएल थाना की पुलिस ने आपसी समन्वय के तहत शनिवार को एक संयुक्त फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया। यह अभियान गोमिया थाना क्षेत्र और आईईएल थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सक्रियता से किया गया, जिसमें थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों और नशापान के अड्डों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पेट्रोलिंग अभियान का नेतृत्व गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार और आईईएल थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो कर रहे थे। इनके साथ एसआई मनोज कुमार, एसआई बिरसा बाड़ा, एसआई प्रदीप टोप्पो, एएसआई संजय मंडल, एएसआई गोपाल महतो, एएसआई शशि भूषण कुजूर, एएसआई अखिलेश कुमार, हवलदार और कई पुलिस जवान शामिल थे।
पुलिस ने इस अभियान के जरिए जनता को यह संदेश देने की कोशिश की कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा के लिए हर वक्त मौजूद है, लेकिन असामाजिक तत्वों के प्रति सख्त रवैया अपनाया जाएगा।
गश्त के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से संवाद भी किया और उन्हें नशा, अपराध और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी।
संयुक्त पेट्रोलिंग अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और पुलिस की सक्रियता से आम लोगों में विश्वास बढ़ा है। वहीं, असामाजिक गतिविधियों पर भी इसका निरोधात्मक असर देखने को मिल रहा है।