पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने माहेर संस्था में बांटी खुशियां, मानव सेवा को बताया सर्वोच्च धर्म
गोमिया
राज्य के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह शनिवार को गोमिया के आईईएल स्थित माहेर संस्था पहुंचे और वहां रह रहे जरूरतमंद बच्चों व महिलाओं के बीच फल, बिस्कुट और वस्त्र वितरित किए। इस दौरान उनके साथ अभय सिन्हा, वकील अहमद, पंकज कुमार और आकाश कुमार भी मौजूद रहे।
माहेर संस्था में प्रवेश करते ही राजेश कुजूर ने श्री सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने सबसे पहले संस्था में रह रहे बच्चों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें फल व बिस्कुट बांटे। इसके बाद वहां रह रही महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर उनकी जरूरतें पूरी करने का प्रयास किया। इस दौरान बच्चों और महिलाओं के चेहरों पर खुशी स्पष्ट झलक रही थी।
इस मौके पर पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने कहा कि “माहेर संस्था मानव सेवा का अद्भुत मिसाल है। यह संस्था उन लोगों की सेवा कर रही है जिनका इस दुनिया में कोई सहारा नहीं। ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम संस्था के साथ मिलकर जरूरतमंदों की मदद करें। मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।”
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि समाज के सक्षम लोग आगे आएं और ऐसी संस्थाओं को सहयोग दें, ताकि वंचितों को बेहतर जीवन मिल सके। मौके पर माहेर संस्था के संचालकों ने श्री सिंह को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके सहयोग से संस्था के कार्यों को और मजबूती मिलेगी।