पेटरवार: सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में अव्यवस्था की शिकायत ग्रामीणों ने की
खेतको/पेटरवार
पेटरवार प्रखंड के खेतको पंचायत में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया. यह शिविर पेटरवार प्रखंड के खेतको पंचायत सचिवालय परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) संतोष महतो की उपस्थिति में आयोजित हुआ. इस शिविर में ऑन-द-स्पॉट परिसंपत्तियों का वितरण किया गया, जिसमें जेएसएलपीएस के तहत महिला मंडलों को 6-6 लाख रुपये का लोन प्रदान किया गया. इस लोन से महिलाएं घर बैठे कुटीर उद्योग व्यवसाय शुरू कर सकेंगी. बीडीओ ने कहा कि यह राज्य की पहली सरकार है जो योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचा रही है.
हालांकि, इस कार्यक्रम के दौरान कुछ समस्याओं का भी सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि इस साल शिविर की व्यवस्था लचर थी. पिछले वर्ष, कार्यक्रम टेंट लगाकर आयोजित किया गया था, जहां आवेदकों को अलग-अलग स्टॉल्स पर जाकर आवेदन जमा करने की सुविधा थी. इस बार पंचायत सचिवालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां सैकड़ों पुरुष और महिलाएं लाभ प्राप्त करने के लिए उपस्थित थे. पंचायत सभागार में स्टॉल लगाए गए थे, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि आवेदकों की लाइन सभागार से बाहर तक लगी रही.
डाटा ऑपरेटरों द्वारा आवेदन और पंजीकरण तो किए गए, लेकिन आवेदनों के निष्पादन को लेकर लोगों में शंका बनी रही. उदाहरण के लिए, विनोद तुरी नामक आवेदक ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से आवास के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें आवास नहीं मिला और न ही उनके आवेदन का निष्पादन हुआ है. इस बार भी उन्होंने अबुवा आवास के लिए आवेदन जमा किया है और उन्हें उम्मीद है कि इस बार उनका आवेदन निष्पादित होगा.
शिविर में शिक्षा विभाग का स्टॉल शुरू में मौजूद नहीं था, लेकिन बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद लगभग एक बजे स्टॉल लगाया गया, जहां कुछ छात्र-छात्राओं ने गुरुकुल योजना के लिए आवेदन जमा किए.
इस अवसर पर पर्यवेक्षक कुर्बान अली, नरेश टुड्डू, मुखिया अनवरी खातून, पंसस जाफर अली, प्रकाश चंद्र दास, जीआईएस एक्सपर्ट अभय कुमार, एनआरएम एक्सपर्ट पूरण कुमार शाह, चंद्रशेखर कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर मणिलाल हेंब्रम, ओम प्रकाश सिंह सहित कई विभागों के कर्मचारी और अन्य लोग उपस्थित थे.
