बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
गोमिया
गोमिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं उससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर बालिकाओं को शिक्षा देने, 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद ही विवाह करने तथा बाल विवाह कराने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक के मंचन के बाद गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े ने कहा कि सभी बच्चियों को शिक्षा देना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बेटियों का विवाह उचित उम्र में ही हो और इसके लिए व्यापक जागरूकता आवश्यक है। इसी संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए जागरूकता रथ निकाला जा रहा है।
अंचल अधिकारी आफ़ताब आलम ने अपने संबोधन में कहा कि गोमिया प्रखंड बाल विवाह मुक्त घोषित है, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए सभी मिलकर प्रयास करें और जागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखें। जो लोग भी बाल विवाह करते हैं या उस समारोह में शामिल होते हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम को महिला सुपरवाइजर कुमारी चेतना और कुंजन कुमारी ने भी संबोधित किया और बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े एवं अंचल अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया। यह रथ विभिन्न गांवों में जाकर बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरण करेगा। उपस्थित लोगों ने बाल विवाह के खिलाफ संकल्प लेते हुए समाज को इस कुप्रथा से मुक्त रखने का आह्वान किया।
