Homeबोकारोबेघर परिवारों को मिला आशियाना, 41 परिवार को कराया गया गृह प्रवेश

बेघर परिवारों को मिला आशियाना, 41 परिवार को कराया गया गृह प्रवेश

बेघर परिवारों को मिला आशियाना, 41 परिवार को कराया गया गृह प्रवेश

Gomia: गोमिया प्रखंड के स्वांग उतरी पंचायत स्थित गांधी ग्राम के 41 परिवारों को नया आशियाना मिल गया है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए नए आवासों में गृह प्रवेश कराया गया. इस समारोह में विधायक डॉ. लंबोदर महतो ने नए भवनों का उद्घाटन किया और फीता काटकर आवासों को उन्हें समर्पित किया गया.

विधायक डॉ. महतो ने इस मौके पर कहा कि गांधी ग्राम के 41 परिवारों को नए आवास में बसाया गया है और जल्द ही बचे हुए 64 परिवारों को भी सरकारी आवास प्रदान किया जाएगा. इन आवासों में पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. साथ ही, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के लिए मिनी आंगनबाड़ी केंद्र भी स्थापित किया जाएगा.

आवास में रहने वालों को रोजगार से जोड़ने के लिए उन्हें रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान गांधीजी की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया.

बता दें कि ये सभी परिवार सीसीएल के जमीन पर अनाधिकृत रूप से झोपड़ी बनाकर रहते थे. उक्त परिवार भीख मांगकर गुजारा करते हैं. सबसे पहले एक सामाजिक संगठन जन चेतना संस्थान ने इनके शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और सरकार से मिलने सरकारी लाभ से संबंधित मामलों को उठाया. संस्था ने करीब पांच साल तक वहां के बच्चों को पढ़ाया. इस मामले को पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह ने भी गंभीरता से लिया था और उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त को गांधी ग्राम का भ्रमण कराया और यहां के परिवार के लोगों को समुचित व्यवस्था कराने की मांग की थी.

इस अवसर पर प्रमुख प्रमिला चौड़े, जिला परियोजना पदाधिकारी माणिकचंद प्रजापति, बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ प्रदीप कुमार महतो, उप प्रमुख अनिल कुमार महतो, पूर्व प्रमुख गुलाबचंद हांसदा, मुखिया बिनोद विश्वकर्मा, मुखिया रामवृक्ष मुर्मू, आदिवासी नेता दरबारी मांझी, और पंचायत सचिव सुनील कुमार आदि उपस्थित थे। मंच का संचालन रोजगार सेवक विनय गुरु ने किया.

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!